Tuesday, September 1, 2026

बालोद के विकास को मिलेगी नई गति : ऑडिटोरियम और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाने भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने लोक निर्माण मंत्री को सौंपा पत्र

 

बालोद के विकास को मिलेगी नई गति : ऑडिटोरियम और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाने भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने लोक निर्माण मंत्री को सौंपा पत्र

बालोद। बालोद शहर की वर्षों पुरानी दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं—बहुप्रतीक्षित ऑडिटोरियम निर्माण एवं रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य—को शीघ्र शुरू कराने की दिशा में पहल तेज हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने रायपुर में लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर दोनों परियोजनाओं के संबंध में पत्र सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई कर जल्द कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान यशवंत जैन ने मंत्री को अवगत कराया कि बालोद शहर में आधुनिक ऑडिटोरियम की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसके निर्माण से सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन के लिए शहर को एक आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।

वहीं रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से भी राहत दिलाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से रेलवे ओवरब्रिज परियोजना के लिए लंबित भू-अर्जन प्रक्रिया में तेजी लाने तथा सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का अनुरोध किया।

इस पर लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए प्रक्रिया में तेजी लाकर दोनों परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि ऑडिटोरियम और रेलवे ओवरब्रिज दोनों ही बालोद शहर के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं।

इनसे न केवल शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि नागरिकों को भी लंबे समय से अपेक्षित सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के सकारात्मक सहयोग और त्वरित पहल के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए बालोद की जनता को विश्वास दिलाया कि दोनों विकास कार्य जल्द ही धरातल पर दिखाई देंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित एवं जनहितकारी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और बालोद की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!