यातायात नियम तोड़ने वालों पर बालोद पुलिस की सख्ती,जल्द चलेगा विशेष जांच अभियान
हेलमेट नहीं पहनने, तीन सवारी चलने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई

बालोद। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस बालोद द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके लिए आगामी दिनों में निगरानी बढ़ाते हुए विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा।
जिला पुलिस के अनुसार, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनने, वाहन पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, शराब के नशे में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत चालानी एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




