Tuesday, September 1, 2026

बालोद पुलिस ने अरिहंत एकेडमी में चलाया जागरूकता अभियान, छात्रों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और अभिव्यक्ति एप की दी जानकारी

 

बालोद पुलिस ने अरिहंत एकेडमी में चलाया जागरूकता अभियान, छात्रों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और अभिव्यक्ति एप की दी जानकारी

 

बालोद:-  जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर बालोद पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।

इसी क्रम में मंगलवार को यातायात कार्यालय बालोद एवं थाना बालोद की संयुक्त पहल पर अरिहंत एकेडमी स्कूल, बालोद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए अभिव्यक्ति एप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बोनीफॉस एक्का, यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय एवं थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक नागरिक का यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने वाहन हमेशा निर्धारित गति सीमा में चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाकर ही वाहन चलाने तथा दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने की अपील की।

इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संबंधी पाम्पलेट भी वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। इसी अभियान के तहत 6 जुलाई 2026 को शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चार वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां माननीय न्यायालय ने सभी पर कुल 40 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने अनजान वीडियो कॉल या नंबर से दोस्ती नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने, ओएलएक्स, इनाम जीतने, मोबाइल टावर लगाने तथा अन्य लालच देकर की जाने वाली ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराकर समय रहते अपनी राशि बचा सकता है।
महिला सेल बालोद की सहायक उप निरीक्षक सीता गोस्वामी ने छात्राओं एवं बच्चों को अभिव्यक्ति एप की उपयोगिता बताते हुए इसे मोबाइल में डाउनलोड कर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर इसके उपयोग की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, बच्चों के अधिकार, बाल संरक्षण कानून तथा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इन विषयों के प्रति जागरूक करने की अपील की। विद्यार्थियों ने भी सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!