पलारी नगर पंचायत चुनाव: सुबह 8 बजे से शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण मतदान जारी, मतदाताओं से मतदान करने की अपील

बालोद:- जिले के गुरूर विकासखंड अंतर्गत पलारी नगर पंचायत आम निर्वाचन के तहत आज सुबह 8 बजे से सभी मतदान केंद्रों में मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से प्रारंभ हो गई। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
प्रशासन द्वारा मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मतदान केंद्रों में पहुंचने वाले मतदाताओं का अधिकारियों एवं मतदान दलों द्वारा स्वागत किया जा रहा है। साथ ही उन्हें लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों में मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं, जहां युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिक उत्साहपूर्वक मतदान करने पहुंचे।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने मत का प्रयोग करें और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं तथा निर्वाचन प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार सभी मतदान केंद्रों में मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
पलारी नगर पंचायत के मतदाता अपने जनप्रतिनिधियों के चयन के लिए उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं, जिससे लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता और सहभागिता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।




