Wednesday, June 10, 2026

बालोद में 21 दिवसीय निशुल्क वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, खिलाड़ियों में दिखा जबरदस्त उत्साह

 

बालोद में 21 दिवसीय निशुल्क वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, खिलाड़ियों में दिखा जबरदस्त उत्साह

बालोद :-  जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में फिटनेस वर्ल्ड जिम, बालोद में 21 दिवसीय निशुल्क वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में जिलेभर से लगभग 50 से 60 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।

शिविर के पहले ही दिन खिलाड़ियों में खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य जिले के युवाओं को वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग जैसी खेल विधाओं में तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

शिविर में खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा खेल की बारीकियों, तकनीकी कौशल, फिटनेस और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष तोमन साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त साधन है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व सीएमओ रामप्रसाद यादव, फिटनेस वर्ल्ड जिम के संचालक नरेंद्र साहू, रितेश कुमार, वेटलिफ्टर सुषमा ढीमर, महिला कोच डोमेश्वरी, जिम कोच योगेश्वर सोनकर एवं आकाश मेश्राम सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर ही खिलाड़ी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी कर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान खिलाड़ियों को वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजन से जिले के खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। खिलाड़ियों ने भी प्रशिक्षण शिविर के आयोजन पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे अपने खेल कौशल को विकसित करने का बेहतर अवसर बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!