स्वतंत्रता दिवस पर बालोद में गूंजा साइबर जागरूकता का संदेश
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने ली साइबर जागरूकता सेल्फी, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा सात सप्ताह का अभियान

बालोद, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान बालोद पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत लोगों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने साइबर जागरूकता की सेल्फी लेकर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने भी सेल्फी लेकर इसे सोशल मीडिया पर साझा किया और आमजन से साइबर जागरूकता अभियान में सहभागी बनने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी, पिन, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

सात सप्ताह तक चलेगा जागरूकता अभियान
बालोद पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सुरक्षा, बैंकिंग व यूपीआई फ्रॉड, वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट व फर्जी कॉल से बचाव, महिलाओं के लिए स्मार्टफोन प्राइवेसी, जॉब फ्रॉड व फिशिंग, डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे विषयों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

पुलिस टीमों द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर और क्यूआर कोड के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। गांधी जयंती के अवसर पर “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” संकल्प अभियान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने, साइबर अपराधों से बचने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की है।




