Saturday, August 29, 2026

बालोद में गरिमामय ढंग से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी; शहीद जवानों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का हुआ सम्मान

बालोद में गरिमामय ढंग से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी; शहीद जवानों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का हुआ सम्मान

बालोद, 15 अगस्त 2026। जिला मुख्यालय बालोद में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के साथ परेड की सलामी ली। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ।

मंत्री यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर सुनाया। इसके बाद शांति के प्रतीक श्वेत कपोत एवं हर्षोल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

समारोह में पुलिस बल, सशस्त्र बल तथा स्कूली विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। हर्षफायर और ‘राष्ट्रपति की जय’ के उद्घोष से पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा।

समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मंत्री ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

परेड में जिला पुलिस बल का दबदबा

सीनियर वर्ग की परेड में जिला पुलिस बल पुरुष ने प्रथम, नगर सेना महिला ने द्वितीय और जिला पुलिस बल महिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी ब्लेज एकेडमी उमरादाह प्रथम, एनसीसी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद द्वितीय तथा गाइड शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद तृतीय स्थान पर रहा। उत्कृष्ट परेड संचालन के लिए परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा एवं परेड टू आईसी प्रशिक्षु सूबेदार दीपक कुमार को भी सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा

सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालोद ने प्रथम, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद ने द्वितीय तथा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद ने तृतीय स्थान हासिल किया।

समारोह में संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, पूर्व विधायक वीरेन्द्र साहू एवं प्रीतम साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!