Sunday, June 14, 2026

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5.51 लाख की संपत्ति जब्त मध्यप्रदेश से आकर बालोद, अर्जुन्दा व आसपास के क्षेत्रों में ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार

 

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5.51 लाख की संपत्ति जब्त
मध्यप्रदेश से आकर बालोद, अर्जुन्दा व आसपास के क्षेत्रों में ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार


बालोद :- जिले में लगातार हो रही डीजल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बालोद पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त तीन वाहन, मोबाइल फोन तथा 490 लीटर चोरी का डीजल सहित कुल 5 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

गिरोह का मुख्य साथी समीर मेवाती सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में डीजल चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई थी।

निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा एवं साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य के नेतृत्व में टीम लगातार निगरानी और वाहन जांच कर रही थी।

ट्रकों से 560 लीटर डीजल चोरी की थी

मामले की शुरुआत ग्राम नेवारीखुर्द निवासी खिलेश्वर सिंह तारम की शिकायत से हुई। शिकायत में बताया गया कि गांव में खड़े दो ट्रकों से अज्ञात चोरों ने रात के समय 560 लीटर डीजल चोरी कर लिया था। घटना के बाद थाना बालोद में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी

जांच के दौरान झलमला के पास वाहन चेकिंग के समय पुलिस को एक संदिग्ध स्वीफ्ट डिजायर कार दिखाई दी। पुलिस को देखकर वाहन चालक भाग निकला जबकि दो अन्य संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान शिवपाल उर्फ शिवा वाल्मिकी (19 वर्ष) एवं देवेन्द्र विश्वकर्मा (25 वर्ष), निवासी शाजापुर (मध्यप्रदेश) के रूप में बताई।

भिलाई में ठहरकर करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे जून माह की शुरुआत में भिलाई पहुंचे थे और वहां लॉज में रुककर बालोद, अर्जुन्दा तथा आसपास के क्षेत्रों में रात के समय सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे। गिरोह ट्रकों के डीजल टैंक का ताला तोड़कर पाइप की मदद से डीजल निकालता और गेलनों में भरकर भिलाई ले जाकर बेच देता था।
चोरी के पैसों से खरीदी स्कॉर्पियो
आरोपियों ने बताया कि चोरी से प्राप्त रकम से उन्होंने करीब दो लाख रुपये में एक स्कॉर्पियो वाहन खरीदा था। इसके अलावा डीजल बेचकर अर्जित लगभग 80 हजार रुपये बैंक खाते में भी जमा कराए गए थे।
490 लीटर डीजल सहित वाहन बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर भिलाई के सेक्टर-6 स्थित एक परित्यक्त परिसर में छापेमारी कर पुलिस ने 490 लीटर डीजल, एक सुमो गोल्ड, एक स्कॉर्पियो, स्वीफ्ट डिजायर कार, 14 बड़े प्लास्टिक गेलन, पाइप, मोबाइल फोन सहित कुल 5.51 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।
बालोद और अर्जुन्दा में दर्ज हैं कई मामले
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ थाना बालोद और थाना अर्जुन्दा में डीजल चोरी के कई अन्य अपराध दर्ज हैं। गिरोह अप्रैल और जून 2026 में हुई कई वारदातों में शामिल रहा है।
दो आरोपी जेल भेजे गए, फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

फरार आरोपी समीर मेवाती एवं अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य, देवकुमार कोर्राम, हरिशंकर सिन्हा, जितेन्द्र सिन्हा, संजय सोनी, मोहन कोकिला, बनवाली साहू, विवेक शाही सहित बालोद पुलिस एवं साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!