मोदी सरकार के 12 वर्ष स्वर्णिम और ऐतिहासिक, विकसित भारत की मजबूत नींव रखी गई :- सांसद संतोष पाण्डेय

बालोद। राजनांदगांव के सांसद सन्तोष पांडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बालोद में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में कहा कि यह कार्यकाल स्वर्णिम और ऐतिहासिक रहा है तथा इसी दौरान विकसित भारत की मजबूत नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ देश के 140 करोड़ नागरिकों की सेवा कर रहे हैं।

सांसद पाण्डेय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, किसान उत्थान, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, रोजगार, आधारभूत संरचना और जनजातीय समाज के विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
उन्होंने बताया कि जनजातीय समाज के कल्याण के लिए विशेष बजट प्रावधान किए गए हैं तथा पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों को सशक्त बनाया जा रहा है।
सांसद ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक भारत निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ा है और “सशक्त, समृद्ध एवं सुरक्षित भारत” का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब कार्यसंस्कृति बदल चुकी है और विकास सरकार का 24 घंटे चलने वाला मिशन बन गया है।
उन्होंने कहा कि देश में विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव को भी नई ऊंचाइयां मिली हैं। कर्तव्य पथ, नए संसद भवन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तथा नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा जैसे कदम राष्ट्रीय सम्मान के प्रतीक बने हैं।
सांसद पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विकास को भी नई गति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है, किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जा रहा है तथा राज्य में 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाएं संचालित हैं। उड़ान योजना के माध्यम से हवाई सेवाओं का भी विस्तार हुआ है।
मीडिया संवाद के दौरान सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक जीत का शतक बनाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और एनडीए की सरकारें देश के अधिकांश राज्यों में विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ कार्य कर रही हैं तथा भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हो रही है।
कार्यक्रम में यज्ञदत्त शर्मा, देवलाल ठाकुर, अभिषेक शुक्ला, कृष्णकांत पवार, राकेश यादव, वीरेंद्र साहू, राकेश छोटू यादव, हरीश कटझरे, प्रेम साहू, जितेंद्र साहू, विनोद जैन, कमल पनपालिया सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




