कुसुमकसा को मिली बड़ी सौगात: जल्द खुलेगा जिला सहकारी बैंक का एटीएम, बैंक शाखा खोलने का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा

कुसुमकसा :– क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी बैंकिंग सुविधा की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। जिला सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन ने कुसुमकसा में जिला सहकारी बैंक का एटीएम शीघ्र स्थापित करने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने यहां जिला सहकारी बैंक की पूर्ण शाखा खोलने का प्रस्ताव भी उच्च स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया है।

इस घोषणा से कुसुमकसा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों में खुशी का माहौल है।
कुसुमकसा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्तमान में कुसुमकसा एवं आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को नकद निकासी, जमा, ऋण, खाते से संबंधित कार्य तथा अन्य बैंकिंग सेवाओं के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। इससे आम नागरिकों को समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि उठानी पड़ती है, वहीं बुजुर्गों, महिलाओं और किसानों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए श्री प्रीतपाल बेलचंदन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कुसुमकसा में जिला सहकारी
बैंक का एटीएम जल्द स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को नकद निकासी एवं अन्य एटीएम सेवाओं के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्ण बैंक शाखा खोलने का प्रस्ताव भी संबंधित उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा, ताकि भविष्य में सभी बैंकिंग सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा कराने में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोमेश साहू के विशेष प्रयास तथा संजय बैस द्वारा लगातार उठाई गई मांग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने लंबे समय से क्षेत्रवासियों की इस आवश्यकता को विभिन्न मंचों पर प्रमुखता से उठाया और बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेंद्र सिन्हा, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस, टिकेंद्र साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि एटीएम और बैंक शाखा शुरू होने से कुसुमकसा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी तथा ग्रामीणों को आधुनिक और सुलभ बैंकिंग सुविधाओं का लाभ अपने क्षेत्र में ही मिल सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने जिला सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय ग्रामीण अंचल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
इससे किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही एक प्रमुख मांग पूरी होने का मार्ग प्रशस्त होगा।




