बालोद में ऑनलाइन सट्टा, नशे और चाकूबाजी पर सख्ती की मांग, भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
ऑनलाइन बेटिंग, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग, युवाओं के भविष्य और कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता

बालोद :- जिले में ऑनलाइन सट्टा-पट्टी, जुआ, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला बालोद के जिलाध्यक्ष एवं जनपद पंचायत गुंडरदेही के सभापति गुलशन कुमार साहू के नेतृत्व में भाजयुमो प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक बालोद को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में जिले में सक्रिय अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा युवाओं को नशे और अपराध की ओर धकेलने वाले नेटवर्क को ध्वस्त करने की मांग की गई।
ज्ञापन में गुलशन कुमार साहू ने कहा कि जिले में इन दिनों ऑनलाइन सट्टा-पट्टी और जुए का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। विभिन्न मोबाइल एप, टेलीग्राम, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को इस नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए जिले में बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं,
जिससे युवा वर्ग आर्थिक और मानसिक रूप से प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सट्टे के अलावा जिले में अवैध शराब की बिक्री, नशीली गोलियों, चिट्ठा (स्मैक/हेरोइन जैसे मादक पदार्थ), गांजा तथा अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार भी लगातार बढ़ रहा है।
इन गतिविधियों के कारण बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय होने के साथ-साथ परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने जिले में बढ़ती चाकूबाजी और असामाजिक तत्वों की सक्रियता पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में चाकूबाजी जैसी घटनाओं में वृद्धि से आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का वातावरण बन रहा है। अपराधियों के हौसले बढ़ने से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है और युवाओं में अपराध की प्रवृत्ति भी बढ़ती दिखाई दे रही है।
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से मांग की गई कि जिले में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा-पट्टी गिरोहों, जुआ संचालकों, अवैध शराब माफियाओं, नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त लोगों तथा चाकूबाजी जैसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर व्यापक जांच की जाए।
साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके और युवाओं का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि कानून का भय समाप्त होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन को लगातार निगरानी रखते हुए ऑनलाइन सट्टा और नशे के अवैध कारोबार में शामिल नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे समाज में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रह सके।
इस अवसर पर प्रदेश युवा मोर्चा पदाधिकारी पंकज चौधरी, जिला महामंत्री अनूप देशमुख एवं हिमांशु साहू, जिला उपाध्यक्ष सौरभ जैन और कुलदीप यादव, जिला मंत्री आशुतोष कौशिक एवं धनंजय साहू, जिला मीडिया प्रभारी अभिन्न यादव, जिला सोशल मीडिया प्रभारी सुमित जैन, जिला पदाधिकारी जागेश्वर धीमर एवं रजत जैन, मंडल अध्यक्ष राहुल सोनी, नीतेश सोनकर, वीर दिल्लीवार, सागर सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से ज्ञापन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर पुलिस द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।




