मिशन नवचेतना के तहत बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 36 पाव अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
देवीनवागांव में खेत के पास छापेमारी, 8.040 बल्क लीटर शराब बरामद; आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज

बालोद। जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बालोद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “मिशन नवचेतना” अभियान के तहत अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बालोद पुलिस ने देवीनवागांव में छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 36 पाव शराब जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाकर जिले को नशामुक्त एवं अपराधमुक्त बनाना है।
22 जुलाई 2026 को थाना बालोद पुलिस ने ग्राम देवीनवागांव खार रोड स्थित खेत के पास दबिश देकर आरोपी हेमंत कुमार यादव (45 वर्ष), पिता छन्नूलाल यादव, निवासी देवीनवागांव को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 08 अद्धी प्लेन शराब (3.000 बल्क लीटर) तथा 28 पाव अंग्रेजी शराब (5.040 बल्क लीटर) बरामद की गई। इस प्रकार कुल 36 पाव (8.040 बल्क लीटर) शराब जब्त हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4,640 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि “मिशन नवचेतना” के तहत अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य नशे से जुड़े अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें। यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जनसहयोग से ही नशामुक्त, सुरक्षित और अपराधमुक्त बालोद का निर्माण संभव है।




