बालोद में बढ़ते नशे और अपराध पर कांग्रेस का ज्ञापन, नया बस स्टैंड में पुलिस सहायता केंद्र फिर शुरू करने की मांग

बालोद:– शहर में नशे के बढ़ते प्रचलन के कारण लगातार हो रहे झगड़ों, छेड़छाड़, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद विनोद “बंटी” शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि शहर के नया बस स्टैंड क्षेत्र में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों, महिलाओं, छात्राओं और यात्रियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। शाम और रात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख रूप से वार्ड क्रमांक 16 स्थित नया बस स्टैंड में पूर्व की तरह पुलिस सहायता केंद्र को पुनः प्रारंभ करने, क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा गंगासागर गार्डन और रंगमंच परिसर के आसपास रात्रिकालीन पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की गई। नागरिकों का कहना है कि इन स्थानों पर नियमित पुलिस की मौजूदगी से नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा तथा कानून-व्यवस्था मजबूत होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि शहर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब और नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस दौरान पूर्व पार्षद दीप्ति शर्मा, गायत्री राजपूत, इंदिरा ठाकुर, धीरज उपाध्याय, दाऊद खान, अंचल साहू, देवेंद्र साहू सहित वार्ड के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
यह जानकारी वैभव शर्मा, महामंत्री, शहर कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा दी गई।




