भावनात्मक विदाई: चंद्रेश ठाकुर के स्थानांतरण पर भावुक हुए जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी

बालोद, 27 अगस्त 2026।
जिला जनसंपर्क कार्यालय बालोद में पदस्थ जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री चंद्रेश ठाकुर के जिला कबीरधाम स्थानांतरण पर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भावनात्मक विदाई समारोह आयोजित किया गया। विदाई समारोह के दौरान कार्यालय का माहौल आत्मीयता, स्नेह और भावुकता से भर गया। लंबे समय तक साथ काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों ने श्री ठाकुर के सहज, सरल, सौम्य एवं आत्मीय व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए।

विदाई के दौरान कई अधिकारी-कर्मचारियों की आंखें नम हो गईं। सभी ने एक स्वर में कहा कि श्री ठाकुर केवल एक अधिकारी नहीं, बल्कि अभिभावक, मार्गदर्शक और परिवार के मुखिया की तरह सभी के साथ खड़े रहे। शासकीय कार्यों में मार्गदर्शन देने के साथ-साथ उन्होंने कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं पारिवारिक परिस्थितियों में भी सदैव सहयोग और संवेदनशीलता दिखाई।

अधिकारी-कर्मचारियों ने कहा कि श्री ठाकुर की कार्यशैली में अनुशासन, उत्कृष्टता और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत समन्वय रहा। कार्यालय में जब भी किसी कर्मचारी को किसी प्रकार की आवश्यकता या परेशानी होती थी, वे पूरे अपनत्व के साथ उसके समाधान के लिए आगे आते थे। यही कारण है कि उनका स्थानांतरण कार्यालय के लिए महज एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपने परिवार के एक आत्मीय सदस्य से बिछड़ने जैसा महसूस हो रहा है।

“बालोद कार्यालय से केवल विदा हो रहा हूं, रिश्तों से नहीं”
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए श्री चंद्रेश ठाकुर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बालोद जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्य करना उनके लिए सदैव सुखद और यादगार अनुभव रहेगा। उन्होंने कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों को अपना परिवार बताते हुए कहा कि यहां से उन्हें केवल शासकीय अनुभव ही नहीं, बल्कि अनेक आत्मीय रिश्ते और जीवनभर याद रहने वाली स्मृतियां मिली हैं।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करता है। इस विभाग की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाना प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी का कर्तव्य है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ अपने कौशल को निरंतर निखारने तथा विभाग की गरिमा को और ऊंचा करने की अपील की।

श्री ठाकुर ने कहा कि स्थान बदल सकता है, जिम्मेदारियां बदल सकती हैं, लेकिन आत्मीय रिश्ते और साथ बिताई अच्छी यादें कभी नहीं बदलतीं। उन्होंने बालोद कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया तथा सभी के उज्ज्वल, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।
सहकर्मियों ने किया कार्यशैली और व्यक्तित्व का स्मरण
समारोह में सोशल मीडिया समन्वयक श्री तनवीर खान, सहायक ग्रेड-03 श्री मनीष यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने श्री ठाकुर के उत्कृष्ट कार्य, कुशल नेतृत्व, सेवाभाव एवं मानवीय संवेदनाओं से भरे व्यक्तित्व की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन श्री घनश्याम चन्द्राकर ने किया। इस अवसर पर श्री राजेन्द्र कुमार कुंजाम, श्री कृष्णशरण साहू, श्री हुलेश रजक, श्री खिलेश साहू सहित जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विदाई के इस भावुक अवसर पर सभी की जुबां पर एक ही भावना थी—
“साहब, आपका स्थानांतरण जरूर हो रहा है, लेकिन बालोद जनसंपर्क परिवार के दिलों में आपके लिए जो स्थान बना है, वह हमेशा कायम रहेगा।”
स्थानांतरण एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत है, लेकिन आत्मीय रिश्तों की यह डोर हमेशा जुड़ी रहेगी।




