25 अगस्त को डौंडीलोहारा में होगा भव्य महिला सम्मान समारोह
भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने कहा—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार महिलाओं को बना रही आत्मनिर्भर और सशक्त

डौंडीलोहारा :– स्व. लाल रघुवीर सिंह मिनी स्टेडियम में 25 अगस्त को आयोजित होने वाले बिहान एवं महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के सम्मान समारोह की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन, आयोजकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ भाजपा नेता, मंत्री एवं विधायक शामिल होंगे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती कुसुम शर्मा ने बताया कि यह प्रदेश में अपनी तरह का महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक आयोजन होगा, जिसमें एक साथ बड़ी संख्या में बिहान एवं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे समाज तथा प्रदेश के विकास में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगी।
बारिश से बचाव के लिए वाटरप्रूफ शेड और भव्य मंच
कार्यक्रम को लेकर मिनी स्टेडियम में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। यहां भव्य मंच के साथ वाटरप्रूफ शेड लगाया जा रहा है, ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में भी कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाओं एवं अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर
कुसुम शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश की महिलाएं अब केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाकर परिवार और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों के संचालन, जैविक खाद, प्राकृतिक गुलाल, अगरबत्ती, मोमबत्ती, स्थानीय मसालों की पैकेजिंग, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी हस्तशिल्प, बांस की वस्तुओं, राखी निर्माण तथा स्कूल ड्रेस की सिलाई जैसे कार्यों से रोजगार और आय के नए अवसर तैयार कर रही हैं।
इसके साथ ही महिलाएं मशरूम उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट खाद निर्माण, मुर्गीपालन, बागवानी, ई-रिक्शा के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वनोपज के मूल्य संवर्धन, बैंक सखी एवं डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। जसप्योर ब्रांड के माध्यम से भी महिला समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला हितैषी योजनाओं से मिल रहा आर्थिक संबल
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना, रानी दुर्गावती योजना, महतारी शक्ति ऋण योजना, लखपति दीदी योजना और महतारी सदन जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को परिवार के साथ-साथ समाज और अर्थव्यवस्था में मजबूत भागीदार बनाना है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में कुपोषण दूर करने के लिए रेडी-टू-ईट निर्माण का कार्य पुनः महिला समूहों को सौंपने का निर्णय लिया गया है और इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ भी किया जा चुका है।
महिलाओं के सम्मान से बढ़ेगा आत्मविश्वास
कुसुम शर्मा ने कहा कि 25 अगस्त का यह सम्मान समारोह केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की हजारों महिलाओं के आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाने का अवसर है। महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता को मंच प्रदान करने से उन्हें अपने कार्यों को और विस्तार देने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत, सामाजिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। महिला शक्ति की भागीदारी से ही विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मजबूती मिलेगी।




