रक्षाबंधन पर बालोद पुलिस ने दिया सुरक्षा, नारी सम्मान और साइबर जागरूकता का संदेश
महिला कमांडो, ब्रह्माकुमारीज एवं महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक सहित पुलिसकर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र

बालोद, 28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बालोद पुलिस द्वारा नारी सम्मान, सामाजिक सुरक्षा, नशामुक्ति एवं साइबर जागरूकता का संदेश देते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम, अध्यक्ष सहयोगी जन कल्याण समिति, जिले की महिला कमांडो, ब्रह्माकुमारीज तथा पुलिस विभाग की महिला अधिकारी-कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भाइयों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया।
कार्यक्रम में नारी शक्ति की समाज में अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए परिवार एवं समाज की सुरक्षा, जागरूकता और सकारात्मक बदलाव में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया गया। महिलाओं की जागरूकता एवं सशक्त भागीदारी से समाज को अधिक सुरक्षित और संवेदनशील बनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर एसडीओपी श्री विनय कुमार, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी श्रीमती श्रुति चक्रवर्ती, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा, थाना बालोद कोतवाली प्रभारी श्री शिशुपाल सिन्हा एवं साइबर सेल प्रभारी श्री धरम भूआर्य सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान युवाओं से अपनी बहनों की सुरक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति अपने सामाजिक दायित्वों एवं जिम्मेदारियों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की अपील की गई। युवाओं को नशे से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा सामाजिक चेतना के साथ बेहतर एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
रक्षाबंधन के साथ मनाया गया “साइबर सुरक्षा बंधन”

बालोद पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत रक्षाबंधन के साथ “साइबर सुरक्षा बंधन” मनाने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने ‘जागरूकता की राखी’ के साथ सेल्फी लेकर स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं प्रियजनों को भी साइबर सुरक्षित बनाने की अपील की।
आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के लिए अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
बालोद पुलिस का संदेश:
“रक्षा सूत्र के साथ सुरक्षा का संकल्प, जागरूकता की राखी संग साइबर सुरक्षा का संदेश।”




