हर घर तिरंगा अभियान से गूंजेगा छत्तीसगढ़, बस्तर के दुर्गम इलाकों में भी 15 अगस्त को लहराएगा तिरंगा
तिरंगा यात्रा से राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश, 500 से अधिक स्थानों का शहीदों के नाम पर होगा नामकरण :– यशवंत जैन

रायपुर :– भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश दिया जाएगा।

शुक्रवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री एवं तिरंगा अभियान प्रभारी यशवंत जैन ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है।

इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति से जोड़ने के साथ संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अभियान प्रदेशभर में व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा।
श्री साव ने बताया कि प्रदेश की 450 से अधिक भाजपा मंडल इकाइयों के साथ बड़े गांवों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं के माध्यम से आम नागरिकों को अभियान से जोड़ते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर नगरीय निकायों, जिला पंचायतों और पार्टी पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। रायपुर शहर एवं ग्रामीण जिलों में भी संगठनात्मक बैठकें संपन्न हुई हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी 10 अगस्त को राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव से सुबह 10 बजे तिरंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक शामिल होंगे।
डिजिटल तिरंगा अभियान से सोशल मीडिया पर भी जुड़ेगा प्रदेश
प्रदेश महामंत्री एवं तिरंगा अभियान प्रभारी यशवंत जैन ने ‘डिजिटल तिरंगा’ अभियान की जानकारी देते हुए नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, दुकान, संस्थान और कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा तिरंगे के साथ अपनी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करें। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र और संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का सामूहिक अवसर है।
श्री जैन ने प्रदेश के सभी वर्गों, सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र निर्माताओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भव्य माध्यम बनेगी।
बस्तर के दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी फहरेगा तिरंगा
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 15 अगस्त को बस्तर संभाग में ‘तिरंगा यात्रा’ और राष्ट्रीय ध्वज फहराने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस्तर के जिन दुर्गम और पूर्व में नक्सल हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय ध्वज फहराना चुनौतीपूर्ण रहा है, वहां भी इस बार तिरंगा लहराएगा। इसे बस्तर के लिए राष्ट्रीय एकता, लोकतंत्र और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
श्री शर्मा के अनुसार 15 अगस्त को बीजापुर जिले के 33 गांवों, सुकमा जिले के 50 गांवों और नारायणपुर जिले के 9 गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूवर्ती, सिलगेर और दरभा जैसे संवेदनशील एवं दुर्गम क्षेत्रों को भी तिरंगा यात्रा के माध्यम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बस्तर में निकलेगी भव्य बाइक रैली
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर संभाग में भाजपा एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय युवा और आम नागरिक भी तिरंगा बाइक रैली में भाग लेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य बस्तर के गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रभावना को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
शहीद परिवारों के घर पहुंचकर किया जा रहा सम्मान
श्री शर्मा ने बताया कि भाजयुमो और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शहीद जवानों के परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें तिरंगा भेंट किया जा रहा है। शहीद परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों का सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
500 से अधिक स्थानों का होगा शहीदों के नाम पर नामकरण
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 15 अगस्त के अवसर पर बस्तर संभाग में 500 से अधिक स्थानों का नामकरण देश और प्रदेश के अमर शहीदों के नाम पर किया जाएगा। इनमें स्कूल, प्रमुख चौराहे और सामुदायिक भवन सहित अन्य सार्वजनिक स्थल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन स्थानों को शहीदों के नाम से जोड़ने का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग और बलिदान से परिचित कराना तथा उनके योगदान को सदैव स्मरण में बनाए रखना है।
भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप से प्रदेशवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के इस अभियान को जनअभियान बनाते हुए हर घर, संस्थान और सार्वजनिक स्थल पर तिरंगा फहराएं तथा ‘तिरंगा यात्रा’ में सहभागी बनकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें।




