बालोद के नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना ने संभाला पदभार
बीजापुर, दंतेवाड़ा और जशपुर समेत विभिन्न जिलों में सेवाओं का व्यापक अनुभव, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग का रहा है अनुभव

बालोद,:– । नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना ने शुक्रवार को बालोद जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं।
श्री गवर्ना इससे पूर्व बीजापुर, दंतेवाड़ा, जशपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में पुलिस विभाग के महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिसिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सेवा के दौरान उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। इसके साथ ही आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के क्रियान्वयन और स्थानीय समुदाय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी उन्हें अनुभव है।
श्री गवर्ना ने जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने की दिशा में भी कार्य किया है। विभिन्न जिलों में उनकी सेवाओं के दौरान अर्जित अनुभव का लाभ अब बालोद जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को मिलने की उम्मीद है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद श्री गवर्ना ने जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय तथा पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक जनोन्मुखी बनाने पर जोर देने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
उनके पदभार ग्रहण करने से जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को नया नेतृत्व मिला है। પોલીસ विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।




