*कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद के विरुद्ध भाजयुमो का उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन कर गिरफ्तारी की मांग*
*भाजपा जिला संगठन एवं भाजपा जिला युवा मोर्चा के नेतृत्व में अर्जुंदा में हुआ विरोध, तीन दिन में माफी नहीं तो विधायक निवास का घेराव करने की चेतावनी*

बालोद/अर्जुंदा।:– भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला बालोद के नेतृत्व में शुक्रवार को अर्जुंदा बस स्टैंड में गुंडरदेही विधानसभा के कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन का कारण विधायक द्वारा भारतीय जनता युवा मोर्चा अर्जुंदा मंडल अध्यक्ष नवीन राजपूत के साथ कथित रूप से फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग एवं धमकी दिए जाने का आरोप बताया गया। इस घटना के विरोध में जिलेभर से पहुंचे भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन में भाजपा जिला संगठन एवं भाजपा युवा मोर्चा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। अर्जुंदा बस स्टैंड पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के पश्चात भाजपा एवं भाजयुमो के प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए विधायक कुंवर सिंह निषाद के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जनप्रतिनिधि के पद पर रहते हुए इस प्रकार की भाषा और व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है तथा इससे राजनीतिक कार्यकर्ताओं का सम्मान प्रभावित होता है।

भाजयुमो जिला बालोद ने कहा कि संगठन अपने प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है। किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी अथवा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

भाजपा जिला संगठन एवं भाजपा युवा मोर्चा ने प्रशासन और विधायक कुंवर सिंह निषाद को तीन दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर विधायक सार्वजनिक रूप से अपने कथित व्यवहार के लिए माफी नहीं मांगते और प्रशासन उचित कार्रवाई नहीं करता, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा हजारों कार्यकर्ताओं के साथ उनके निवास का घेराव कर व्यापक आंदोलन करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस विरोध प्रदर्शन में जिलेभर से भाजपा जिला संगठन, भाजपा युवा मोर्चा, विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




