प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करहीभदर में एंटी रेबीज वैक्सीन समुचित मात्रा में उपलब्ध
स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर संचालन, नागरिकों को मिल रहा समय पर उपचार :- डॉक्टर जे.एल. उइके

बालोद। जिले के बालोद विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करहीभदर में स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु एवं प्रभावी संचालन किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दवाइयों एवं टीकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करहीभदर के प्रभारी ने बताया कि केंद्र में एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कुत्ते, बंदर अथवा अन्य जानवरों के काटने की स्थिति में प्रभावित व्यक्तियों को समय पर टीकाकरण एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए अन्य स्थानों पर भटकना नहीं पड़ रहा है और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक दवाइयों एवं जीवनरक्षक टीकों की नियमित उपलब्धता बनाए रखी जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार भी प्रदान किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बालोद डॉ. जे. एल. उइके ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों एवं टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उनका उद्देश्य है कि जिले के प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के पशु के काटने पर घरेलू उपचार पर निर्भर न रहें, बल्कि तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लें तथा एंटी रेबीज टीकाकरण अवश्य कराएं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को उनके नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों में ही समय पर उपचार का लाभ मिल सके।




