बालोद जिले में भव्य एवं गरिमामय ढंग से आयोजित होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह: कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा
समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
30 जुलाई के वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश

बालोद, :- कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह का जिले में भव्य एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला मुख्यालय बालोद सहित सभी विकासखंडों एवं अन्य स्थानों पर गरिमा के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने 30 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वृहद वृक्षारोपण अभियान के साथ “महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान” भी संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत महतारी वंदन योजना से लाभान्वित जिले की लगभग 2 लाख 45 हजार महिलाओं सहित अन्य नागरिक “एक पेड़ महतारी (मां) के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए पौधरोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष तथा राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह से संबंधित विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को उनके दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण के बाद प्रातः 9 बजे जिला मुख्यालय बालोद में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए देशभक्ति, संस्कृति, शालीनता एवं सभ्यता पर आधारित प्रस्तुतियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का चयन कर उन्हें सम्मानित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शत-प्रतिशत निराकरण पर सभी विभागों की सराहना की तथा अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए सभी को प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक कार्यालय पहुंचकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इसका पालन नहीं करने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान, खाद एवं बीज की उपलब्धता, कृषि एवं सहकारिता विभाग की तैयारियों, 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर रोकथाम टीकाकरण, तथा टीबी उन्मूलन अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को टीकाकरण कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा सभी अधिकारियों को निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों के उपचार एवं पोषण सहयोग में सक्रिय भागीदारी निभाने के निर्देश दिए।




