Friday, August 28, 2026

फुटकर कबाड़ी व्यवसायियों की रोजी-रोटी पर संकट, एसपी को सौंपा ज्ञापन छाया विधायक राकेश यादव के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी के नेतृत्व में उठी आवाज

फुटकर कबाड़ी व्यवसायियों की रोजी-रोटी पर संकट, एसपी को सौंपा ज्ञापन
छाया विधायक राकेश यादव के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी के नेतृत्व में उठी आवाज

बालोद :– शहर एवं ग्रामीण अंचलों में वर्षों से फुटकर कबाड़ी व्यवसाय के माध्यम से अपनी आजीविका चलाने वाले व्यवसायियों के सामने उत्पन्न रोजी-रोटी के संकट को लेकर फुटकर कबाड़ी संघ ने पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।

संघ के पदाधिकारियों एवं व्यवसायियों ने जिला पुलिस अधीक्षक  किरण गंगाराम चौहान एवं थाना प्रभारी श्री शिशुपाल सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग की।


यह ज्ञापन छाया विधायक  राकेश यादव के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी के नेतृत्व में सौंपा गया।

इस दौरान कबाड़ी व्यवसायियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से अनुपयोगी एवं कबाड़ सामग्री खरीदकर अपना तथा अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं।


व्यवसायियों के अनुसार वे मुख्य रूप से टूटे-फूटे लोहे, टीन, प्लास्टिक, कागज, एल्युमिनियम, रद्दी पेपर एवं अन्य अनुपयोगी सामग्री की खरीदी करते हैं। इसी छोटे व्यवसाय से उनकी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी होती हैं और परिवार की आजीविका चलती है।

लेकिन वर्तमान में व्यवसाय को लेकर लगाए गए प्रशासनिक प्रतिबंधों के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
नियमों का पालन करने की जताई सहमति
कबाड़ी संघ ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि फुटकर कबाड़ी व्यवसायियों की वास्तविक परिस्थितियों एवं उनके परिवारों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए उन्हें नियमानुसार व्यवसाय संचालित करने की अनुमति प्रदान की जाए।

व्यवसायियों ने स्पष्ट किया कि वे चोरी अथवा किसी भी संदिग्ध स्रोत से प्राप्त सामग्री की खरीदी-बिक्री नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक नियम एवं शर्तें निर्धारित की जाती हैं, तो वे उनका पूरी तरह पालन करने के लिए तैयार हैं।

व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से ऐसी व्यवस्था बनाने की मांग की, जिससे कानून-व्यवस्था एवं चोरी की घटनाओं पर रोक के साथ-साथ वर्षों से इस व्यवसाय पर निर्भर परिवारों की रोजी-रोटी भी प्रभावित न हो।
शीघ्र समाधान की उम्मीद
ज्ञापन सौंपने पहुंचे कबाड़ी व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताते हुए कहा कि वे किसी विवाद या नियमों की अनदेखी के पक्ष में नहीं हैं, बल्कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर वैध तरीके से अपना व्यवसाय करना चाहते हैं।

उन्होंने मांग की कि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान कर उन्हें सम्मानपूर्वक आजीविका चलाने का अवसर दिया जाए।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच एवं आदिवासी नेता पालक ठाकुर, पूर्व सदर राजू भाई, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष महेश पाठक, जिला कबाड़ी संघ अध्यक्ष विशाल बक्शी, भैय्या लाल, परदेशी, रामदयाल दास बघेल, कन्हैया देवार, अशोक कुमार, रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में फुटकर कबाड़ी व्यवसायी एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!