सड़क सुरक्षा पर सख्ती: दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी उपायों पर मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की वर्चुअल बैठक, ब्लैक स्पॉट से लेकर आवारा पशु और स्कूली बसों तक की हुई समीक्षा

बालोद, 18 अगस्त 2026। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी जिलों में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी एवं पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में परिवहन विभाग के सचिव श्री एस. प्रकाश सहित प्रदेश के सभी संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसपी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल हुए। बालोद जिले से कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री अजय किशोर लकरा, एडिशनल एसपी श्री चंद्रकांत गवर्ना सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष से बैठक में सहभागिता की।
ब्लैक स्पॉट और सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा
मुख्य सचिव ने बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने शेष ब्लैक स्पॉट में सुधार कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़कों पर गड्ढों की स्थिति तथा खुले जल स्रोतों के आसपास बेरिकेडिंग की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
बैठक में सुप्रीम कोर्ट द्वारा फलोदी एवं रंगारेड्डी दुर्घटनाओं के संबंध में दिए गए निर्देशों के पालन, एनएचएआई एवं हाईवे पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तथा सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
दुर्घटना, मौत और घायलों के आंकड़ों पर भी नजर
राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु तथा घायलों की संख्या की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की पहचान कर उनके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कार्ययोजना पर काम करने कहा।
आवारा पशुओं को सड़कों से हटाने के निर्देश
बैठक में सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने स्कूलों में रोड सेफ्टी क्लब के गठन, स्कूली बसों के नियमित निरीक्षण तथा स्कूलों के आसपास सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्कूली बसों की नियमित जांच करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
प्रवर्तन कार्रवाई और सड़क सुरक्षा फंड की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री राहत एवं राहवीर योजना के क्रियान्वयन, जेडएफडी प्रोग्राम, डीडीएचआई के क्रियान्वयन, स्टेट रोड सेफ्टी फंड के प्रस्ताव, जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर की जा रही प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी कलेक्टरों एवं संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभागीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के साथ-साथ दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, आवश्यक सुधार और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए।




