Saturday, August 29, 2026

गुरुर के आत्मानंद स्कूल में 200 विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

गुरुर के आत्मानंद स्कूल में 200 विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

बालोद। छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” के प्रथम सप्ताह के प्रथम दिवस सोमवार को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, गुरुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में जिला बालोद पुलिस द्वारा जिले के स्कूल एवं कॉलेजों में साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना है।

अनजान लिंक और संदिग्ध कॉल से सावधान रहने की समझाइश

कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी धरम भूआर्य, PSI वीणा मरावी, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेंद्र सहित पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की जानकारी दी। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध तथा डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए।

विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध कॉल या मैसेज का जवाब देने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। इसके साथ ही OTP, PIN, पासवर्ड, बैंकिंग संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

मजबूत पासवर्ड और सोशल मीडिया सुरक्षा पर जोर

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, मोबाइल एवं इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने तथा सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की जानकारी दी। सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचने तथा किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।

साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।

QR कोड स्कैन कर जागरूकता का संदेश फैलाने की पहल

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को QR कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता से संबंधित सेल्फी लेने तथा उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और आम नागरिकों को डिजिटल अपराधों के प्रति सतर्क करना है।

पुलिस एवं स्कूल स्टाफ रहा मौजूद

कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी धरम भूआर्य, PSI वीणा मरावी, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेंद्र, आरक्षक भोपसिंह साहू, विपिन गुप्ता, मनीष ठाकुर, कोमल साहू एवं महिला आरक्षक नमिता यादव सहित विद्यालय के प्राचार्य बी.पी. यादव, अक्षय तिवारी, प्रेरणा नाथ जोगी, श्रीमती दीपिका साहू, किरण माहेश्वरी, मुरारी उपाध्याय, शुभम ठाकुर, रोशन साहू, डी.आर. साहू एवं श्रीमती मीनू सहित करीब 200 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

बालोद पुलिस की अपील

जिला बालोद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय हमेशा सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!