18 अगस्त से शुरू होगा शिशु संरक्षण माह, 82 हजार से अधिक बच्चों को मिलेगा आयरन-फोलिक एसिड
सीएमएचओ डॉ. जेएल उइके ने अभिभावकों से की अपील—निर्धारित दिवस पर बच्चों को जरूर पिलाएं आयरन-फोलिक एसिड और विटामिन-ए सिरप

बालोद, 17 अगस्त 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक शिशु संरक्षण माह मनाया जाएगा। अभियान के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और एनीमिया की रोकथाम को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शिशु संरक्षण माह के तहत जिले में 06 से 59 माह आयु वर्ग के 82,740 बच्चों को आयरन-फोलिक एसिड सिरप तथा 09 से 59 माह आयु वर्ग के 78,143 बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान लक्षित बच्चों तक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और संबंधित विभागों के कर्मचारियों की सहभागिता रहेगी।
स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं पर रहेगा विशेष जोर
शिशु संरक्षण माह के दौरान ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के माध्यम से बच्चों को आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान विटामिन-ए अनुपूरण, आयरन-फोलिक एसिड सिरप वितरण, एनीमिया स्क्रीनिंग और स्तनपान संबंधी गतिविधियों को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित टीकाकरण और बेहतर पोषण के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित दिवस के अनुसार अभियान की गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
सीएमएचओ डॉ. जेएल उइके ने की अभिभावकों से अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएल उइके ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 06 से 59 माह आयु के बच्चों को निर्धारित दिवस पर आयरन-फोलिक एसिड सिरप तथा 09 से 59 माह आयु के बच्चों को विटामिन-ए सिरप अनिवार्य रूप से पिलाएं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए शिशु संरक्षण माह महत्वपूर्ण अभियान है। अभिभावक निर्धारित दिवस पर अपने बच्चों को लेकर स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस तथा संबंधित शिविरों में पहुंचें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सेवाओं का लाभ उठाएं।
स्वास्थ्य विभाग ने मैदानी अमले को लक्षित बच्चों तक सेवाएं पहुंचाने तथा अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। विभाग का प्रयास है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा आयरन-फोलिक एसिड और विटामिन-ए की निर्धारित खुराक से वंचित न रहे।
स्वस्थ बचपन, बेहतर पोषण और एनीमिया मुक्त बालोद की दिशा में शिशु संरक्षण माह के दौरान जिलेभर में व्यापक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।




