Tuesday, September 1, 2026

फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण से हाईटेक होगी बालोद पुलिस NAFIS तकनीक से अब एक क्लिक में अपराधियों की पूरी जानकारी

फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण से हाईटेक होगी बालोद पुलिस

NAFIS तकनीक से अब एक क्लिक में अपराधियों की पूरी जानकारी

बालोद। पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक बालोद  किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी राजेश बागड़े के नेतृत्व में आज पुलिस कार्यालय बालोद के सभागार में एक दिवसीय फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट श्री धर्मेंद्र कुमार भारती द्वारा जिले के समस्त थानों से आए अधिकारी-कर्मचारियों एवं कोर्ट मोहर्रिरों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान गिरफ्तार व्यक्तियों, संदेहियों एवं निगरानी बदमाशों के दोनों हाथों के फिंगरप्रिंट लेने की वैज्ञानिक विधि, घटनास्थल पर फिंगरप्रिंट साक्ष्य को सुरक्षित रखने एवं एकत्रित करने के आधुनिक तरीके, अज्ञात मृतकों के चर्म-पोर सुरक्षित रखने की प्रक्रिया तथा NAFIS (National Automatic Fingerprint Identification System) के माध्यम से ऑनलाइन फिंगरप्रिंट मिलान की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई।

बताया गया कि पूर्व में फिंगरप्रिंट का संग्रहण एवं मिलान मैनुअल तरीके से किया जाता था, जिससे समय अधिक लगता था। अब NAFIS प्रणाली के माध्यम से फिंगरप्रिंट का ऑनलाइन संग्रहण एवं त्वरित मिलान संभव होगा, जिससे अपराधियों की पहचान शीघ्रता से की जा सकेगी और जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।

कार्यशाला के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञ द्वारा समाधान किया गया तथा क्राइम सीन पर फिंगरप्रिंट साक्ष्य को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रखने के महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए गए, जिससे जांच को और अधिक सशक्त बनाया जा सके एवं पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने में सहायता मिले।

उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएसपी श्री राजेश बागड़े सहित जिले के समस्त थानों एवं रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!