Saturday, August 29, 2026

बालोद में नए एसपी का एक्शन मोड, 4 दिन में अवैध शराब पर 25 केस, 25 आरोपी गिरफ्तार

 

बालोद में नए एसपी का एक्शन मोड, 4 दिन में अवैध शराब पर 25 केस, 25 आरोपी गिरफ्तार

बालोद :-  जिले में नए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के पदभार संभालते ही अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है।

17 से 20 जुलाई के बीच जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कुल 25 प्रकरण दर्ज कर 25 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।

इस दौरान अवैध शराब जब्त करने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।
17 जुलाई: सनौद में 18.52 लीटर शराब और नकदी जब्त
अभियान की शुरुआत 17 जुलाई को थाना सनौद क्षेत्र से हुई। पुलिस ने ग्राम अरकार में दबिश देकर लोकेन्द्र कुमार कोसरे को गिरफ्तार किया।

उसके कब्जे से 39 पौवा देशी प्लेन शराब (7.020 बल्क लीटर), 11.50 बल्क लीटर महुआ शराब तथा 500 रुपए नकद बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 5,920 रुपए आंकी गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
18 जुलाई: मिशन नवचेतना के तहत 9 प्रकरण
18 जुलाई को जिलेभर में मिशन नवचेतना अभियान चलाया गया। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 9 प्रकरण दर्ज किए गए।
देवरी थाना क्षेत्र में 5 मामलों में कार्रवाई करते हुए 24 पौवा (4.320 लीटर) देशी शराब और 200 रुपए नकद जब्त किए गए। वहीं बालोद थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर अशांति फैलाने वाले लोगों के खिलाफ 4 प्रकरण दर्ज किए गए।
19 जुलाई: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई
19 जुलाई को बालोद, सनौद, अर्जुन्दा और डौण्डी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आबकारी अधिनियम की धारा 36(च)(1) के तहत 15 प्रकरण दर्ज कर 15 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
20 जुलाई: ढाबे में दबिश, 30 पौवा शराब बरामद
20 जुलाई को थाना पुरूर पुलिस ने एनएच-30 स्थित ग्राम मरकाटोला के एक ढाबे में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक राजू साहू को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब (5.400 बल्क लीटर) बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2,400 रुपए बताई गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!