प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 : बालोद के 58 हितग्राहियों को मिला पक्के मकान का स्वीकृति पत्र
नगर पालिका परिषद बालोद ने आयोजित किया
स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम, अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण की अपील की

बालोद। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में नगर पालिका परिषद बालोद लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वार्डों के 58 पात्र हितग्राहियों को उनके पक्के मकान निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी, उपाध्यक्ष कमलेश सोनी तथा पार्षदों ने हितग्राहियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्वीकृति पत्र सौंपे। स्वीकृति पत्र प्राप्त करते ही हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा कि वर्षों से अपने पक्के घर का सपना अब प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पूरा होने जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है और नगर पालिका परिषद बालोद इस उद्देश्य को पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने हितग्राहियों से अपील की कि मकान निर्माण का कार्य किसी अनुभवी एवं विश्वसनीय ठेकेदार के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराएं तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा करें। उन्होंने बताया कि योजना की किस्तें निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार जारी की जाएंगी, इसलिए गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। इस योजना के माध्यम से लोगों को केवल पक्का मकान ही नहीं, बल्कि सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
कार्यक्रम में पार्षद गोकुल ठाकुर, पुष्पा साहू, सुनीता मनहर, कसीमुद्दीन कुरैशी, रीता सोनी एवं किरण साहू सहित ईश्वर साहू, जमीर खान (पीएमएवाई), इंजीनियर ताराचंद साहू, महेश बढ़ाई, अभय ताराम, नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री, राज्य सरकार एवं नगर पालिका परिषद बालोद के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं नगर पालिका परिषद ने भरोसा दिलाया कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि हर जरूरतमंद परिवार का “पक्के घर का सपना” जल्द से जल्द साकार हो सके।




