Monday, June 22, 2026

*सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के लिए बालोद से 16 श्रद्धालु रवाना तांदुला नदी की पवित्र मिट्टी और जल लेकर विशेष ट्रेन से पहुंचेंगे सोमनाथ धाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने दी शुभकामनाएं*

 

*सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के लिए बालोद से 16 श्रद्धालु रवाना
तांदुला नदी की पवित्र मिट्टी और जल लेकर विशेष ट्रेन से पहुंचेंगे सोमनाथ धाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने दी शुभकामनाएं*

बालोद, 22 जून :– भारतीय संस्कृति, सनातन आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक सोमनाथ धाम से जनमानस को जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत 22 से 26 जून 2026 तक सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक यात्रा में प्रदेशभर से लगभग एक हजार विशिष्टजन विशेष ट्रेन के माध्यम से गुजरात स्थित विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ धाम की यात्रा करेंगे।

इसी कड़ी में बालोद जिले से चयनित 16 श्रद्धालु भी इस यात्रा में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

विशेष बात यह है कि जिले के यात्री अपने साथ क्षेत्र की जीवनदायिनी तांदुला नदी की पवित्र मिट्टी और जल लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक होगा।

सोमवार प्रातः संयुक्त जिला कार्यालय परिसर से यात्रियों को बस के माध्यम से रायपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सोमनाथ धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आत्मगौरव और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा तथा वे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेंगे।

साहू ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अनुशासन एवं मर्यादा का पालन करते हुए प्रदेश और जिले का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तांदुला नदी की पवित्र मिट्टी और जल को सोमनाथ धाम तक पहुंचाना छत्तीसगढ़ की आस्था और सांस्कृतिक एकता का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो, यात्रा के नोडल अधिकारी ए.के. जांगड़े सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं सुरक्षित लौटने की
कामना की।

सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा को लेकर यात्रियों में विशेष उत्साह देखा गया। श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि सोमनाथ धाम की यात्रा उनके लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत अनुभव होगी।

संयुक्त जिला कार्यालय परिसर से रायपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होते सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के यात्री।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!