रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना को गति देने और रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग, नागरिकों ने रेल मंत्री से लगाई गुहार

बालोद :- दुर्ग, बालोद, कांकेर एवं बस्तर संभाग के नागरिकों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने तथा सड़क मार्ग से होने वाले कच्चे लोहे के भारी परिवहन के कारण बढ़ रही दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से क्षेत्र के नागरिकों ने रेल मंत्री, मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि दुर्ग से रावघाट होते हुए जगदलपुर तक रेल लाइन का दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ माल परिवहन भी सुगम हो सके। वर्तमान में पउव्वारा (दुर्ग), सिकोसा एवं भैंसबोड़ (दल्लीराजहरा) स्टेशनों पर एकल लाइन होने के कारण ट्रेनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। इन स्टेशनों पर अतिरिक्त रेल लाइन एवं प्लेटफॉर्म निर्माण की मांग भी की गई है।
नागरिकों ने रावघाट-जगदलपुर से रायपुर तथा रायपुर से रावघाट-जगदलपुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को विद्युत इंजन के साथ 12 कोच एवं दो वातानुकूलित डिब्बों सहित सप्ताह के सातों दिन संचालित करने की मांग रखी है।
इसके अलावा वर्तमान में सप्ताह में तीन दिन चलने वाली दुर्ग-दल्लीराजहरा पैसेंजर ट्रेन को रावघाट-जगदलपुर तक प्रतिदिन विस्तारित करने का अनुरोध किया गया है।
ज्ञापन में भानुप्रतापपुर से चंद्रपुर तक नई रेल लाइन निर्माण तथा सारनाथ एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति, साउथ बिहार एक्सप्रेस एवं अंबिकापुर जाने वाली ट्रेनों को भानुप्रतापपुर से संचालित करने की भी मांग शामिल है।
आवेदकों ने बताया कि दल्लीराजहरा माइंस, रावघाट एवं भानुप्रतापपुर क्षेत्र से प्रतिवर्ष अरबों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। रेल परियोजनाओं के विस्तार से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
वर्तमान में कच्चा लोहा बड़ी संख्या में ट्रकों के माध्यम से भिलाई, दुर्ग एवं रायपुर भेजा जाता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यदि दोहरी रेल लाइन का निर्माण हो जाता है तो माल परिवहन रेल मार्ग से होने लगेगा और सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले लगभग दस वर्षों से संसद सत्र के दौरान दिल्ली जाकर विभिन्न स्तरों पर इस मांग को लगातार उठाया जाता रहा है। नागरिकों ने संबंधित विभागों से मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही करते हुए इसकी लिखित सूचना उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया है।
यह ज्ञापन जोगेन्द्रनाथ योगी, भुवन साहू, मधुकांत यदु, संजय नगर बालोद के भाजपा सक्रिय सदस्य तथा अन्य नागरिकों की ओर से प्रस्तुत किया गया है।




