मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रगति तीर्थ दर्शन कार्यक्रम आयोजित
बालोद जिले के 360 से अधिक कार्यकर्ताओं ने की अंतागढ़ तक रेल यात्रा, विकास कार्यों का किया अवलोकन

बालोद, :- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “प्रगति तीर्थ दर्शन कार्यक्रम” के अंतर्गत बालोद जिले के सभी मंडलों से 360 से अधिक कार्यकर्ताओं ने आज विशेष रेल यात्रा कर अंतागढ़ तक का भ्रमण किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित किए गए बालोद, दल्लीराजहरा एवं भानुप्रतापपुर के अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का अवलोकन किया तथा बस्तर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को निकट से देखा।

यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने रेल यात्रियों से भेंट-मुलाकात कर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हुआ है। विशेष रूप से बस्तर अंचल में रेल नेटवर्क के विस्तार, रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं में वृद्धि से क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।

प्रगति तीर्थ दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों तक केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को पहुंचाने का प्रयास किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके नेतृत्व में देश के निरंतर विकास की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों का अवलोकन कर यात्रियों से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।




