महतारी वंदन योजना: प्रदेश की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की नई उड़ान
मुख्यमंत्री ने 68 लाख महिलाओं के खातों में भेजी 25वीं किश्त बालोद जिले की महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार

बालोद, :- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण का एक नया अध्याय लिखा गया। प्रदेशभर में आयोजित महिला सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके खातों में 641 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे अंतरित की। यह राशि महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त के रूप में जारी की गई है, जिसने प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में खुशहाली और आत्मविश्वास का संचार किया है।
सम्मेलन के दौरान बालोद जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों से आईं महिलाओं ने अपनी खुशियाँ साझा कीं, जो यह दर्शाती हैं कि यह योजना केवल एक आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के सपनों को पंख देने का माध्यम बन गई है। अर्जुंदा की टिकेश्वरी साहू के लिए यह योजना वरदान साबित हुई। शादी के बाद आर्थिक तंगी के कारण वे अपना पीजीडीसीए कोर्स पूरा नहीं कर पा रही थीं। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का संचय कर उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने बड़े भईया के रूप में धन्यवाद दिया। ग्राम खपरी की ननकी बाई ने बताया कि उनकी बेटी के थायराइड के इलाज में इस योजना की राशि ने बहुत मदद की। वहीं ग्राम मड़ियापार की संतोषी बाई साहू अब अपनी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए किसी पर निर्भर नहीं हैं। ग्राम चाराचार की कल्पना टंडन ने बताया कि महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग वे अपने बच्चे के स्वास्थ्य और घर की छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। जिले की इन महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना की राशि महिलाओं के सुख और दुख, दोनों समय में एक सच्चे साथी की तरह काम आ रही है।




