साइबर ठगी से बचाव के लिए दल्लीराजहरा में जागरूकता अभियान का शुभारंभ
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने दिखाई हरी झंडी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने का दिया संदेश

दल्लीराजहरा। बालोद जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से दल्लीराजहरा में साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के माध्यम से नागरिकों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों से अवगत कराते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान को बालोद जिला पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख श्री दिवाकर पी. सिंह, सहायक महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख, धमतरी क्षेत्र श्री बानाम्बर बेहेरा एवं उप क्षेत्रीय प्रमुख, धमतरी क्षेत्र श्री अमित सिंह पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अभियान के दौरान आम नागरिकों को विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी साझा करने, फर्जी लिंक, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क किया जाएगा। पुलिस एवं बैंकिंग क्षेत्र के अधिकारियों द्वारा लोगों को यह भी बताया जाएगा कि साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल क्या कदम उठाए जाने चाहिए।
अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल लेन-देन, मोबाइल बैंकिंग और ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। सुविधा के साथ साइबर अपराध का खतरा भी बढ़ा है। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, एटीएम/बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान लोगों के निर्देश पर ऑनलाइन भुगतान करने से भी बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता और सतर्कता है। अभियान का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना तथा लोगों को साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बचाना है।
इस अवसर पर बैंक के ग्राहकगण एवं बैंक स्टाफ सदस्य सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से पुलिस और बैंकिंग संस्थान द्वारा आमजन को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।




