पोला पर्व पर कंजेली पहुंचे राजा साहब टेकाम, ग्रामीणों ने किया आत्मीय स्वागत
पर्व की खुशियां बांटने गांव पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, ग्रामीणों को दी हार्दिक शुभकामनाएं

डौंडीलोहारा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा और कृषि संस्कृति से जुड़े पोला पर्व के अवसर पर नगर पंचायत डौंडीलोहारा के अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम ग्राम पंचायत सिंघोला के आश्रित ग्राम कंजेली पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए अपनी खुशी और अपनापन व्यक्त किया।
ग्रामीणों के बीच पहुंचे टेकाम ने सभी ग्रामीणों को पोला पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पोला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति, किसानों के परिश्रम और पशुधन के प्रति सम्मान की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। हमारे किसान भाई कृषि कार्य में बैलों की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देने के लिए इस पर्व को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं।

टेकाम ने ग्रामीणों के साथ सहजता से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और पर्व की खुशियां साझा कीं। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने पारंपरिक आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।
नगर पंचायत अध्यक्ष टेकाम ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल कार्यालय तक सीमित नहीं होता, बल्कि जनता के बीच पहुंचकर उनके सुख-दुख और पर्व-त्योहार में सहभागी बनना भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
पोला पर्व के अवसर पर गांव में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। ग्रामीणों ने भी टेकाम के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान जितेंद्र नेताम, लोचन रावते, चंद्रकांत नेताम, ज्ञानेश्वर साहू, राजू चिकवा सहित ग्राम पंचायत के पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों की आत्मीयता और स्वागत से अभिभूत टेकाम ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उन्हें निरंतर क्षेत्र की सेवा करने की प्रेरणा देता है।




