खेल के मैदान से गांव का नाम रोशन करें युवा : – कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम
बोहरडीही में चार दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन, विनायकपुर ने जीता खिताब

डौंडीलोहारा। पोला पर्व के पावन अवसर पर डौंडी ब्लॉक के ग्राम बोहरडीही (मथेना) में आयोजित चार दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण एवं भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में गांव सहित आसपास के क्षेत्र की बड़ी संख्या में टीमों और क्रिकेट प्रेमियों ने हिस्सा लिया। चार दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पंचायत डौंडीलोहारा के अध्यक्ष कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद उपाध्यक्ष श्री भोलाराम नेताम ने की। इस अवसर पर जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी, गोंडवाना समाज सर्कल आमाडूला के उपाध्यक्ष शिवनाथ उसेंडी, टोमेंद्र मांडवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विनायकपुर (भानुप्रतापपुर) की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। बोहरडीही (मथेना) की टीम द्वितीय, पुरी की टीम तृतीय तथा चंदेली की टीम ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अनुशासन ही खिलाड़ी की असली पहचान : टेकाम

मुख्य अतिथि कुँवर लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की सीख देता है। खिलाड़ियों को सदैव अनुशासन में रहकर खेलना चाहिए। मैदान में खिलाड़ी का परिचय उसके स्वयं के नाम के साथ-साथ उसके गांव और क्षेत्र की पहचान भी बनाता है। मेहनत और लगन से खेलते हुए युवा अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने का बेहतर माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वे खेल के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, टेकाम ने दिया समाधान का भरोसा

समापन समारोह के दौरान ग्रामवासियों ने गांव से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से मुख्य अतिथि टेकाम को अवगत कराया। टेकाम ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन गोविंद नेताम एवं राहुल हिड़को ने किया। आयोजन में अध्यक्ष विजय सेवता, सलाहकार शिवनाथ उसेंडी, राम नरेश टेकाम, कप्तान हिमांशु कोला, सचिव युवराज कोला, उपकप्तान खेमलाल सोरी सहित पंचायत के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
चार दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन और समापन से बोहरडीही सहित आसपास के गांवों में खेल को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति एवं ग्रामीणों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और खेलप्रेमियों का आभार व्यक्त किया।




