बालोद शहर में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर रहा विशेष फोकस
एसपी किरण चव्हाण के नेतृत्व में प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल ने किया भ्रमण, आमजन में सुरक्षा का दिया संदेश

बालोद, :– बालोद शहर में बुधवार की शाम पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण के नेतृत्व में आयोजित फ्लैग मार्च के दौरान शहर की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, शांति एवं सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण का भरोसा दिलाने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।
नाबालिग वाहन चालकों पर भी पुलिस की नजर
फ्लैग मार्च के दौरान यातायात नियमों के पालन को लेकर भी पुलिस ने कार्रवाई की। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 05 मामलों में उनके परिजनों को समझाइश देकर भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की हिदायत दी गई।
वहीं, 01 नाबालिग के परिजन के विरुद्ध ₹2,000 की चालानी कार्रवाई की गई।
बालोद पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना उनके साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति, सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।




