विश्व अंगदान दिवस: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को राज्य स्तरीय कार्यक्रम का न्योता
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, नेत्रदान, अंगदान और देहदान को जनआंदोलन बनाने पर हुई चर्चा
बालोद। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर 13 अगस्त को राजभवन रायपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को आमंत्रित किया है।
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के चेयरमैन तोमन साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से सौजन्य भेंट कर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही समाज में अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अंगदान कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। ऐसे में जनभागीदारी बढ़ाकर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर पूर्व राज्य सचिव डॉ. प्रदीप साहू, ऑर्गन डोनेशन समिति के चेयरमैन रोशन लाल वर्मा, समिति सदस्य सुरेश निर्मलकर, आर्यन सिन्हा एवं केशव साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




