बालोद आबकारी विभाग में बड़ी कार्रवाई: उप निरीक्षक निलंबित, सहायक जिला आबकारी अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव
53 पेटी शराब जब्ती मामले में जांच के बाद कार्रवाई, आबकारी आयुक्त के निर्देश पर गिरी गाज।
खबर

बालोद। छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में लापरवाही और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर बालोद जिले में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक आशा राम शाक्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, बालोद की सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलोफर जैन के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया है।
यह कार्रवाई धमतरी जिले के अर्जुनी क्षेत्र में 30 जुलाई को पकड़ी गई 53 पेटी शराब के मामले की विभागीय जांच के बाद की गई है। जांच में सामने आया कि जब्त की गई शराब बालोद जिले की एक शासकीय मदिरा दुकान से संबंधित थी। मामले की जांच में आबकारी विभाग के अधिकारियों की गंभीर प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई।
विभागीय जांच में गुरूर क्षेत्र में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक आशा राम शाक्य की कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दुर्ग संभागीय उड़नदस्ता में संबद्ध कर दिया गया है।
इसी प्रकरण में बालोद की सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलोफर जैन की भूमिका भी जांच के दायरे में आई। जांच में पाया गया कि वे देशी कंपोजिट मदिरा दुकान अरकार (जिला बालोद) की प्रभारी एवं मंडल प्रभारी थीं। प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया है।
आबकारी विभाग का कहना है कि शराब के अवैध परिवहन और वितरण से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




