जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरूर पुलिस की बड़ी कार्यवाही : 12.100 किलो गांजा व मोपेड जब्त, आरोपी गिरफ्तार

बालोद, :- जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरूर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12.100 किलोग्राम गांजा एवं घटना में प्रयुक्त मोपेड वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 6 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा तथा थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेन्द्र साहू के नेतृत्व में थाना पुरूर पुलिस टीम ने यह कार्यवाही की।
दिनांक 28 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोपेड TVS XL 100 क्रमांक CG 24 K-0170 में सफेद प्लास्टिक बोरी में अवैध गांजा रखकर कांकेर-चारामा मार्ग से रायपुर की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा एनएच-30 मार्ग स्थित ग्राम मरकाटोला कैंप के सामने वाहन चेकिंग एवं एमसीपी कार्रवाई की जा रही थी।
कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के अनुसार एक व्यक्ति उक्त वाहन में आता दिखाई दिया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि नेताम पिता नरेश नेताम, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरी मनेरीपारा थाना पुरूर जिला बालोद बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर सामने रखी सफेद बोरी से खाकी टेप से लिपटे 06 पैकेट गांजा बरामद किए गए। बरामद गांजे का कुल वजन 12.100 किलोग्राम एवं कीमत लगभग 6,05,000 रुपये आंकी गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोपेड वाहन की कीमत 20,000 रुपये बताई गई। पुलिस ने कुल 6,25,000 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की।
आरोपी के विरुद्ध थाना पुरूर में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेन्द्र साहू, सहायक उप निरीक्षक विश्वजीत मेश्राम, भुजबल साहू, आरक्षक लिखन साहू, किशोर साहू, उमाशंकर जारके, धर्मेन्द्र टाण्डेकर, थनेन्द्र देवांगन, संदीप यादव एवं मनोज मेश्राम की सराहनीय भूमिका रही।




