Friday, May 15, 2026

सगाई में गया था परिवार, पीछे से सूने मकान पर धावा: बालोद पुलिस ने 6 लाख की चोरी का किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

 

 सगाई में गया था परिवार, पीछे से सूने मकान पर धावा:-  बालोद पुलिस ने 6 लाख की चोरी का किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

बालोद :-  जिले के परसुली गांव में सूने मकान में हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए बालोद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सगाई कार्यक्रम में गए परिवार के घर का फायदा उठाकर दरवाजे का कुंदा तोड़ा और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित नगदी रकम पार कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख 2 हजार 709 रुपये कीमत के जेवरात और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार घटना 26 अप्रैल 2026 की है। प्रार्थी कमलेश कुमार केशरिया अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ सगाई कार्यक्रम में अर्जुनी डोंगरगांव गए हुए थे। रात करीब 12:30 बजे वापस लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लॉकर खुला हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी गायब थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन तथा योगेश पटेल के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी बोनीफांस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना देवरी पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना के दिन गांव के तीन युवक घर के आसपास घूमते देखे गए थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने भीखम लाल सिन्हा, रामेश्वर उर्फ झम्मन सोनकर और जितेश उर्फ जीतू सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

कड़ाई से पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खरखरा नंदी श्मशान घाट के पास गड्ढे में छिपाकर रखे गए जेवरात और नगदी बरामद किए। जप्त सामान में सोने का रानी हार, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, करधन, बिछिया और नगदी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 650 ग्राम चांदी के जेवरात, 27.600 ग्राम सोने के गहने तथा 34,209 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत 6,02,709 रुपये बताई गई है।
पूरे मामले में थाना प्रभारी मनीष शेण्डे, सउनि रामप्रसाद गजबिहे, आरक्षक दिलीप बर्मन, संतोष खुटेल, अवतार महिलांगे तथा साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!