‘घर-घर तिरंगा’ अभियान को लेकर प्रदेश स्तरीय रणनीति बैठक, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

रायपुर, 30 जुलाई। आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से रायपुर में प्रदेश स्तरीय अभियान टोली की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव की उपस्थिति में अभियान की रूपरेखा, कार्ययोजना तथा जनसहभागिता बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अभियान को प्रदेश के प्रत्येक गांव, वार्ड और शहर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार की गई।
इस दौरान अभियान के प्रचार-प्रसार, तिरंगा यात्राओं के आयोजन और घर-घर राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अनुराग सिंह देव, प्रदेश मंत्री जयंती पटेल तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया सहित अभियान की प्रदेश टोली के सदस्य उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा
“हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता का प्रतीक है। हमें सुनिश्चित करना है कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़े और तिरंगे के सम्मान का संदेश घर-घर तक पहुंचे।
जनभागीदारी के माध्यम से यह अभियान ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाएगा।”
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया। आगामी दिनों में प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से अभियान को गति दी जाएगी।




