गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम चैरेल में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन
शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राही
मौके पर 1187 आवेदनों का किया गया निराकरण

बालोद, :- सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम चैरेल में आज जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम चैरेल में आज आयोजित शिविर में ग्राम पंचायत चैरेल सहित चैरेल कलस्टर में शामिल आसपास के ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके अंतर्गत आज चैरेल में आयोजित शिविर में गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री पुरूषोत्तम चंद्राकर, उपाध्यक्ष श्री नीतिश मोंटी यादव, जिला पंचायत सदस्य श्री गुलशन चंद्राकर, श्रीमती मीना उमाशंकर साहू एवं अन्य अतिथियों के द्वारा ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को कृषि विभाग अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मत्स्य पालन प्रसार योजना अंतर्गत जाल एवं आईस बाॅक्स का वितरण किया गया। इसी तरह समाज कल्याण विभाग अंतर्गत श्रवण यंत्र एवं छड़ी, स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख पत्र का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास निर्माण पूर्णता प्रमाण पत्र एवं केसीसी कार्ड का वितरण किया। इसके अलावा शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु मेडिकल बोर्ड लगाया गया था। इस दौरान मेडिकल बोर्ड में शामिल विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने पहुँचे दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। ग्राम चैरेल में आयोजित शिविर में आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 1569 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 1187 आवेदनों को मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उमेश रात्रे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद ने विभिन्न विभाग के अधिकारियों को सुशासन तिहार के दौरान आम जनता से प्राप्त आवेदनों का समुचित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जिससे कि सुशासन तिहार का आयोजन सार्थक हो सके। इस मौके पर श्री कुंवर सिंह निषाद ने शिविर में उपस्थित लोगों को नीर चेतना अभियान के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई। पूर्व विधायक श्री वीरेन्द्र साहू ने राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए इस सुशासन तिहार की भूरी-भूरी सराहना करते हुए केन्द्र व राज्य सरकार को जनहितैषी सरकार बताया। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए कृतसंकल्पित है। जनपद अध्यक्ष श्री पुरूषोत्तम चंद्राकर ने ग्राम चैरेल में सुशासन तिहार के अंतर्गत आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के बेहतर आयोजन की सराहना की। उन्होंने आम नागरिकों से शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की भी अपील की। जनपद उपाध्यक्ष श्री नीतिश मोंटी यादव ने राज्य शासन द्वारा शुरू किए गए इस सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी देते हुए आयोजन की सराहना की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि जल का हम सभी के जीवन में महत्व है। हमें जल का समुचित उपयोग सुनिश्चित करना है तथा वर्षा जल के संचयन हेतु महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है। इसके लिए हमें घर-घर सोख्ता गड्ढा का निर्माण कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने सुशासन तिहार के आयोजन के उद्देश्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए आवेदनों के निराकरण के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर शिविर में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में सभी विभाग के अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ आम जनता से प्राप्त आवेदनों का समुचित निराकरण भी सुनिश्चित करने को कहा। इस मौके पर विभिन्न विभागों के द्वारा शिविर में आज अपने-अपने विभागों से संबंधित कुल आवेदन एवं उनके निराकरण की स्थिति के अलावा आम नागरिकों को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। शिविर में आज ग्रामीण महिलाओं द्वारा नीर चेतना अभियान के अंतर्गत पानी के महत्व के संबंध में आम जनता को जानकारी प्रदान करने हेतु नुक्कड़ नाटक की भी प्रस्तुति दी गई। स्कूली बच्चों द्वारा नशामुक्ति हेतु नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया गया।
उल्लेखनीय है कि चैरेल में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम चंदनबिरही, चिचलगोंदी, रौना, कान्दुल, परसतराई, रैहची, कोटगांव, सनौद, डुंडेरा, नवागांव डु, बासीन, पिरीद, कुरदी, चैरेल, कोंगनी, कमरौद, धनगांव, खेरूद, कोड़ेवा और खुटरी (खे) ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। चैरेल शिविर में आज पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 976, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को 127, खाद्य विभाग को 125, समाज कल्याण विभाग को 66, ऊर्जा विभाग को 74, महिला एवं बाल विकास विभाग को 53, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 50 एवं जल संसाधन विभाग को 19 आवेदन सहित विभिन्न विभागों से कुल 1569 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें से कुल 1187 आवेदनों का निराकरण किया गया।




