बालोद में 30 जुलाई को महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान, जनप्रतिनिधियों ने की अधिक से अधिक पौधरोपण की अपील

बालोद,:- बालोद जिला प्रशासन द्वारा आगामी 30 जुलाई को आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत “महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान” चलाया जाएगा। इस अभियान में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित लगभग 2 लाख 45 हजार महिलाओं के साथ-साथ जिले के सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया जाएगा।
जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों सहित सभी नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने कहा— पर्यावरण संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी

जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण और संवर्धन करना प्रत्येक नागरिक की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा जलशक्ति अभियान ‘कैच द रेन’ के अंतर्गत वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे सफल बनाने के लिए बालोद जिला प्रशासन का यह अभियान महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने जिले की महतारी वंदन योजना से लाभान्वित लगभग 2 लाख 45 हजार महिलाओं से 30 जुलाई को “एक पेड़ महतारी मां के नाम” लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने पौधों की देखभाल का भी किया आग्रह

नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने जिला प्रशासन के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने महतारी वंदन योजना की सभी हितग्राहियों एवं जिलेवासियों से 30 जुलाई को पौधरोपण कर उसे सुरक्षित रखने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
कमलेश सोनी बोले— मातृशक्ति और बालिकाएं भी बनें अभियान का हिस्सा

नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा 30 जुलाई को सुबह 11 बजे आयोजित होने वाला “महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान – एक पेड़ मां के नाम” पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों के साथ-साथ जिले की सभी मातृशक्तियों एवं बालिकाओं से इस अभियान में शामिल होकर पौधारोपण करने की अपील की।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव ने घर, खेत और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने की अपील की

बालोद नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री राकेश यादव ने अभियान की सराहना करते हुए जिले की सभी मातृशक्तियों से अपने घर, बाड़ी, खेतों के आसपास, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी एवं अन्य शासकीय भूमि पर अपनी मां या बच्चों के नाम से पौधे लगाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण की नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
निःशुल्क मिलेंगे पौधे, सेल्फी अपलोड करने पर मिलेगा प्रमाण पत्र
जिला प्रशासन ने बताया कि अभियान के लिए सभी पौधे निःशुल्क पंचायतों तक पहुंचाकर वितरित किए जाएंगे। पौधरोपण के बाद प्रतिभागी पौधे के साथ अपनी सेल्फी निर्धारित लिंक पर अपलोड करेंगे, जिसके बाद पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से 30 जुलाई को आयोजित इस महाअभियान में सहभागी बनकर अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।




