बालोद में हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों का शुभारंभ
“एक्के नंबर सबो बर – 112” से आपातकालीन सहायता व्यवस्था होगी और मजबूत

बालोद :- छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी डायल-112 योजना के तहत बालोद जिले में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक डायल-112 ईआरवी (Emergency Response Vehicle) वाहनों का विधिवत शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
इन हाईटेक वाहनों में आधुनिक संचार प्रणाली, GPS ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस नेटवर्क एवं त्वरित रिस्पांस सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इसके माध्यम से सड़क दुर्घटना, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, विवाद, चिकित्सा आपात स्थिति सहित अन्य आकस्मिक घटनाओं में कम समय में सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
बालोद पुलिस ने शहर क्षेत्रों में 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर रिस्पांस देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रशिक्षित पुलिस टीम घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर नागरिकों को तत्काल सहायता एवं सुरक्षा प्रदान करेगी।
पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने कहा कि “एक्के नंबर सबो बर – 112” व्यवस्था से आमजन को अलग-अलग आपातकालीन नंबर याद रखने की आवश्यकता नहीं है। केवल 112 डायल कर पुलिस, चिकित्सा एवं अन्य आपात सेवाओं की त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर ने कहा कि नागरिकों को सरल, सुलभ और त्वरित सहायता उपलब्ध कराना बालोद पुलिस की प्राथमिकता है। अब हर प्रकार की आपात स्थिति में केवल 112 डायल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में डीएफओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, डीएसपी बोनीफास एक्का, डीएसपी राजेश बागड़े, डीएसपी माया शर्मा, डीएसपी श्रुति सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
प्रमुख बिंदु :
🔹 हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों का शुभारंभ
🔹 आधुनिक तकनीक एवं GPS ट्रैकिंग से त्वरित सहायता
🔹 शहर में 10 मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 30 मिनट रिस्पांस लक्ष्य
🔹 महिला सुरक्षा, दुर्घटना एवं अपराध नियंत्रण में मिलेगी तत्काल मदद
🚓 बालोद पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प 🚓




