जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न, विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की हुई समीक्षा

बालोद। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चन्द्राकर की अध्यक्षता में जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू सहित जिला पंचायत की विभिन्न स्थायी समितियों के सभापति, जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं, विकास कार्यों एवं आमजन की आवश्यकताओं को बैठक में प्रमुखता से उठाया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चन्द्राकर ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ग्रामीण सड़क, कृषि, महिला एवं बाल विकास, मनरेगा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्ययोजनाओं एवं विकास कार्यों को गति देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच सकारात्मक चर्चा हुई तथा विभिन्न विषयों पर सुझावों का आदान-प्रदान किया गया।
अंत में जिले के समग्र विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।




