कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान की दमदार तैयारी, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की सराहना
वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रभारी मंत्री ने परखी तैयारियां, बोले—अभियान को बनाएं प्रभावी, जनोन्मुखी और परिणामदायी
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर रहेगा विशेष जोर

बालोद, 08 सितंबर 2026। जिले में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में चल रही तैयारियों की आज उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने अभियान की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में बालोद जिला प्रशासन द्वारा की जा रही सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तैयारियों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि अभियान को लेकर जिला प्रशासन द्वारा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर जिस तरह कार्ययोजना तैयार की जा रही है, वह सराहनीय है। उन्होंने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए इसका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

कलेक्टर के नेतृत्व में योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की तैयारी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तक सीमित न रहे, बल्कि इसका वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। अभियान के दौरान नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण, पात्र लोगों की पहचान तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

दूरस्थ क्षेत्रों और जरूरतमंदों तक पहुंचेगी सेवा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक शासन की योजनाओं की जानकारी और सेवाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। महिलाओं, किसानों, युवाओं, बुजुर्गों तथा जरूरतमंद परिवारों को अभियान से जोड़ते हुए उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने विभागवार कार्ययोजना के अनुरूप काम करने तथा सभी विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
शिविरों की व्यवस्था से लेकर दस्तावेजी प्रक्रिया तक की हुई समीक्षा
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों की व्यवस्था, हितग्राहियों की पहचान, विभागवार दायित्व, आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया, योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तैयारियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को जनभागीदारी, जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता और मजबूत विभागीय समन्वय के साथ सफल बनाया जाए, ताकि इसका व्यापक और स्थायी प्रभाव दिखाई ।
बालोद प्रशासन की तैयारियों को मिली प्रशंसा
गौरतलब है कि कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में बालोद जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान को लेकर लगातार तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विभागों को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ नागरिकों तक सरल, सहज, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। कलेक्टर के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री द्वारा की गई सराहना को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उइके सहित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति के सदस्य, सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।




