Tuesday, September 1, 2026

वेतन रोकने की चेतावनी के साथ कलेक्टर दिव्या मिश्रा की सख्ती: स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, आंगनबाड़ियों को कुपोषण मुक्त बनाने के दिए निर्देश

 

 

वेतन रोकने की चेतावनी के साथ कलेक्टर दिव्या मिश्रा की सख्ती: स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, आंगनबाड़ियों को कुपोषण मुक्त बनाने के दिए निर्देश

डोंडीलोहारा :- कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने गुरुवार को डोंडीलोहारा विकासखंड मुख्यालय में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमलों और अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी भी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


बैठक में सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा अन्य कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर उपचार, आवश्यक दवाइयां तथा समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

समीक्षा के दौरान कई कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करना अनिवार्य होगा।


इसके पश्चात कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन, बच्चों के पोषण स्तर, गर्भवती एवं धात्री माताओं को मिलने वाली सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं मैदानी अमलों को निर्देशित किया कि जिले की सभी आंगनबाड़ियों को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य करें।

गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी, पोषण पुनर्वास, गुणवत्तापूर्ण पूरक पोषण आहार वितरण तथा जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने, अधिकाधिक पौधरोपण कराने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक समाप्त होने के बाद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ सुनील कुमार चंद्रवंशी ने विकासखंड मुख्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, यही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को स्वास्थ्य, पोषण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर उपलब्धियां दिलाने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!