बालोद पुलिस को मिला नया नेतृत्व: आईपीएस किरण गंगाराम चव्हाण ने संभाली जिले की कमान, अपराध नियंत्रण और जनविश्वास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

बालोद, :– बालोद जिले को नया पुलिस नेतृत्व मिल गया है। वर्ष 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने गुरुवार को जिला पुलिस कार्यालय, बालोद में विधिवत पुलिस अधीक्षक (एसपी) का पदभार ग्रहण किया।

इस दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने उन्हें औपचारिक रूप से पदभार सौंपा।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री चव्हाण ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की।

बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों तथा जिले की कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर से बालोद तक का सफर
श्री किरण गंगाराम चव्हाण मूलतः महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के निवासी हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने के बाद संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान प्राप्त किया। वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी के रूप में उन्होंने अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
उन्होंने प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के रूप में बिलासपुर जिले में कार्य किया।
इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) जगदलपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) सुकमा तथा बाद में सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
नक्सल ऑपरेशन और नशे के खिलाफ कार्रवाई में बनाई विशेष पहचान
सुकमा जैसे अति संवेदनशील नक्सल प्रभावित जिले में कार्य करते हुए श्री चव्हाण ने प्रभावी पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, आम नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। उनके नेतृत्व में कई सफल नक्सल विरोधी अभियान संचालित हुए तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत वातावरण तैयार हुआ।
FICCI Best Performing Officer Award से हुए सम्मानित
उत्कृष्ट पुलिसिंग, नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और बेहतर प्रशासनिक कार्यशैली के लिए वर्ष 2024 में उन्हें FICCI Best Performing Officer Award से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति के करकमलों से प्राप्त हुआ, जो उनके उत्कृष्ट कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है।
बालोद पुलिस परिवार ने किया आत्मीय स्वागत
नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के पदभार ग्रहण करने पर बालोद पुलिस परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उनके सफल, पारदर्शी तथा जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद बोनिफास एक्का, एसडीओपी गुंडरदेही राजेश बागड़े, एसडीओपी गुरुर श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती श्रुति सिंह, सीएसपी राजहरा विकास पाटले, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।




