🚔 मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बालोद पुलिस की बड़ी सफलता
अंतरजिला वाहन चोर उमेश यादव उर्फ ‘सन्नाटा’ गिरफ्तार, चोरी की 2 मोटरसाइकिल और एक्टिवा समेत 3 दोपहिया वाहन बरामद

बालोद, 29 अगस्त 2026।
मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर उमेश यादव उर्फ सन्नाटा (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 02 मोटरसाइकिल एवं 01 एक्टिवा सहित कुल 03 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में सायबर सेल बालोद तथा थाना अर्जुन्दा एवं गुण्डरदेही पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को अर्जुन्दा में मकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल CG 07 BP 7301 तथा उसी दिन बालोद जिला न्यायालय के पास से फैशन प्रो मोटरसाइकिल CG 24 F 5368 चोरी हुई थी। दोनों मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर संदिग्ध की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने अर्जुन्दा और बालोद से मोटरसाइकिल चोरी करने तथा धमतरी-कुरूद क्षेत्र से एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर तीनों चोरी के वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं वाहन चोरी के कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह हाल ही में दुर्ग जेल से रिहा हुआ था।
👮 कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका
आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी और चोरी के वाहनों की बरामदगी में थाना अर्जुन्दा, थाना गुण्डरदेही एवं सायबर सेल टीम बालोद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस का संदेश:
“अपराध पर प्रहार, नागरिकों की सुरक्षा हमारा संकल्प।”




