संत गुरु रविदास जी के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा : यशवंत जैन प्रदेश महामंत्री भाजपा

रायपुर, :–भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में “समरसता संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

इस अवसर पर संत गुरु रविदास महाराज जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से लाई गई पावन माटी युक्त कलश का “कलश वंदन अभियान” के अंतर्गत श्रद्धापूर्वक स्वागत एवं वंदन किया गया।

उपस्थित सभी जनों ने सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव को समाज में सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का संपूर्ण जीवन समता, समरसता, मानवता और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने जाति-पांति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर समाज को एकता, प्रेम और सेवा का संदेश दिया। उनका अमर वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी प्रत्येक व्यक्ति को आत्मशुद्धि, सदाचार और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का समरसता संकल्प अभियान संत गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है।
पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में मंत्रिमंडल के सदस्य, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, आयोग, मंडल, बोर्ड एवं निगमों के अध्यक्षगण, विधायक, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संत गुरु रविदास महाराज जी के आदर्शों पर चलने तथा समरस समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।




